https://drive.google.com/file/d/1rfzcz95kk3ENtXs1dIKYZh0dk-Cujumd/view?usp=sharing

Nayi Chetna 5.0 Campaign 2026 – Rural Gender Awareness Drive to Launch on November 25

ग्रामीण विकास मंत्रालय

नई चेतना 5.0 का 25 नवंबर को शुभारंभ किया जाएगा

15 मंत्रालयों/विभागों द्वारा संयुक्त रूप से जारी अंतर-मंत्रालयी परामर्शिका तथा हिंसा-मुक्त ग्राम पहल के संबंध में हस्ताक्षरित चतुर्पक्षीय समझौता ज्ञापन प्रस्‍तुत किया जाएगा

प्रविष्टि तिथि: 23 NOV 2026 10:28AM by PIB Delhi

ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा अपने राष्ट्रीय लैंगिक समानता अभियान ‘नई चेतना – पहल बदलाव की’ के पांचवें संस्करण का शुभारंभ 25 नवंबर, 2026 को किया जाएगा। यह दिन महिलाओं के विरुद्ध हिंसा के उन्मूलन के लिए अंतरराष्ट्रीय दिवस के रूप में मनाया जाता है। एक माह तक चलने वाले इस अभियान को 25 नवंबर से 23 दिसंबर 2026 तक देशभर में दीनदयाल अंत्योदय योजना–राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत संचालित किया जाएगा।

इस राष्ट्रीय अभियान का उद्घाटन केंद्रीय ग्रामीण विकास तथा कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे। इस अवसर पर केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी, विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री अर्जुन राम मेघवाल तथा सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश एवं राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यकारी अध्यक्ष माननीय न्यायमूर्ति विक्रम नाथ उपस्थित रहेंगे।

कार्यक्रम में ग्रामीण विकास राज्य मंत्री श्री कमलेश पासवान तथा ग्रामीण विकास एवं संचार राज्य मंत्री डॉ. चंद्रशेखर पेम्मासानी के साथ-साथ भाग लेने वाले मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारी, राज्य सरकारों के प्रतिनिधि, विकास साझेदार और देशभर के सामुदायिक संस्थानों से जुड़ी महिला प्रतिनिधि भी शामिल होंगी।

इस कार्यक्रम का आयोजन शाम 4:00 बजे भारत रत्न सी. सुब्रमण्यम ऑडिटोरियम, एनएएससी कॉम्प्लेक्स, देव प्रकाश शास्त्री मार्ग, पूसा, नई दिल्ली–110012 में किया जाएगा।

नई चेतना 5.0 का विषय “पहुंच से अधिकारिता तक: विकसित भारत के लिए आजीविका और समान अवसरों के माध्यम से महिलाओं का सशक्तीकरण” है। यह विषय महिलाओं की पहुंच और आवागमन की स्वतंत्रता को आर्थिक सशक्तीकरण, आजीविका में भागीदारी तथा स्वतंत्र निर्णय लेने की क्षमता के महत्वपूर्ण आधार के रूप में रेखांकित करती है।

अभियान के चार प्रमुख परस्पर जुड़े हुए क्षेत्र

नई चेतना 5.0 के तहत महिला आर्थिक सशक्तीकरण को अभियान के केंद्र में रखते हुए चार परस्पर जुड़े प्रमुख क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इनमें महिलाओं को आर्थिक योगदानकर्ता के रूप में मान्यता देना, संपत्तियों तक उनकी पहुंच एवं उन पर नियंत्रण को मजबूत करना, महिलाओं के लिए सुरक्षित आवागमन को बढ़ावा देना तथा अवैतनिक देखभाल कार्यों की जिम्मेदारियों का समान वितरण सुनिश्चित करना, अभियान के अंतर्गत उन बाधाओं को दूर करने पर विशेष जोर देना जो महिलाओं की आजीविका के अवसरों, बाजारों, वित्तीय सेवाओं, सार्वजनिक स्थलों और आवश्यक सेवाओं तक पहुंच को सीमित करती हैं। इस अभियान का उद्देश्य केवल जागरूकता फैलाने तक सीमित न रहकर समन्वित कार्रवाई को बढ़ावा देना तथा महिलाओं की आर्थिक भागीदारी, स्वायत्तता और निर्णय लेने की क्षमता में मापनीय सुधार सुनिश्चित करना है।

कार्यक्रम की प्रमुख विशेषताएं

15 मंत्रालयों/विभागों की संयुक्त अंतर-मंत्रालयी परामर्शिका

राष्ट्रीय शुभारंभ कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण 15 मंत्रालयों/विभागों से संबंधित संयुक्त अंतर-मंत्रालयी परामर्शिका को जारी करना होगा। यह परामर्शिका नई चेतना 5.0 के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के लिए विभिन्न मंत्रालयों और विभागों की साझा प्रतिबद्धता तथा समन्वित प्रयासों को दर्शाएगी। इसके माध्यम से मंत्रालयों और विभागों को अपनी योजनाओं, कार्यक्रमों, संस्थागत व्यवस्थाओं और जमीनी स्तर के नेटवर्क को अभियान के उद्देश्यों के अनुरूप बनाने के लिए एक रूपरेखा उपलब्ध कराई जाएगी। इसका उद्देश्य राष्ट्रीय, राज्य, जिला और सामुदायिक स्तर पर समन्वित हस्तक्षेप को मजबूत करना है, विशेष रूप से महिलाओं की आजीविका, संपत्ति, वित्तीय सेवाओं, सुरक्षित आवागमन, आवश्यक सेवाओं और संस्थागत सहायता तक पहुंच में सुधार करना है।

हिंसा-मुक्त ग्राम पहल पर हस्ताक्षरित चतुर्पक्षीय समझौता ज्ञापन

कार्यक्रम में हिंसा-मुक्त ग्राम पहल से संबंधित हस्ताक्षरित चतुर्पक्षीय समझौता ज्ञापन का भी विमोचन किया जाएगा। इस समझौता ज्ञापन पर ग्रामीण विकास मंत्रालय, महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, न्याय विभाग और राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के बीच सहमति बनी है। इस समझौता ज्ञापन का उद्देश्य सामुदायिक स्तर पर लैंगिक आधारित हिंसा की रोकथाम और उससे प्रभावित महिलाओं को सहायता एवं न्याय उपलब्ध कराने के लिए संस्थागत समन्वय की रूपरेखा तैयार करना है। इसके माध्यम से सामुदायिक संस्थाओं, विधिक सेवा प्राधिकरणों और संबंधित सरकारी तंत्र के बीच बेहतर सामंजस्‍य स्थापित किया जाएगा। इसमें कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूकता, न्याय तक पहुंच, संस्थागत सहायता तथा सामूहिक प्रयासों के माध्यम से हिंसा-मुक्त गांवों का निर्माण करने पर विशेष बल दिया जाएगा।

सामुदायिक संस्थाओं और महिला नेतृत्व को मजबूत करना

दीनदयाल अंत्योदय योजना–राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के व्यापक नेटवर्क के अंतर्गत कार्यरत निम्नलिखित संस्थाएं स्वयं सहायता समूह, ग्राम संगठन, क्लस्टर स्तरीय संघ, जेंडर रिसोर्स सेंटर और अन्य सामुदायिक संस्थाएं नई चेतना 5.0 के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। कार्यक्रम के दौरान नए जेंडर रिसोर्स सेंटर का उद्घाटन किया जाएगा। ये केंद्र सामुदायिक स्तर पर महिलाओं को विभिन्न सेवाओं, सरकारी योजनाओं के लाभ, सहायता प्रणालियों और शिकायत निवारण तंत्र तक पहुंच उपलब्ध कराने के लिए महत्वपूर्ण मंच के रूप में कार्य करेंगे। इसके अलावा, विभिन्न राज्यों से आई स्वयं सहायता समूहों की महिला प्रतिनिधि अपने अनुभव, नवाचार और विचार साझा करेंगी। वे महिलाओं की सामूहिक भागीदारी और नेतृत्व को मजबूत करने के उपायों पर भी चर्चा करेंगी।

कार्यक्रम के दौरान दो पैनल चर्चाएं आयोजित की जाएंगी। पहली पैनल चर्चा “जेंडर रिसोर्स सेंटर, वन स्टॉप सेंटर, विधिक सेवा प्राधिकरण और स्वास्थ्य प्रणाली के माध्यम से मंत्रालयों के बीच समन्वय को आगे बढ़ाने पर की जाएगी।” इस चर्चा में संबंधित मंत्रालयों और संस्थानों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। इसमें महिलाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए विभिन्न संस्थाओं के बीच समन्वय और संयुक्त कार्रवाई को मजबूत करने पर विचार-विमर्श किया जाएगा। दूसरी पैनल चर्चा- “मैदान से महिला नेतृत्व: अनुभव, नवाचार और भविष्य की दिशा” विषय पर की जाएगी। इस चर्चा में जमीनी स्तर पर कार्यरत महिला नेतृत्वकर्ताओं को अपने अनुभव, सफल नवाचार और सुझाव साझा करने का अवसर मिलेगा।

नई चेतना 4.0 मूल्यांकन रिपोर्ट

राष्ट्रीय शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान नई चेतना 4.0 की मूल्यांकन रिपोर्ट भी जारी की जाएगी। इस रिपोर्ट में अभियान के पिछले संस्करण का मूल्यांकन और उससे प्राप्त प्रमुख सीख प्रस्तुत की जाएगी, जिससे भविष्य में अभियान की गतिविधियों और हस्तक्षेपों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों के वीडियो और अच्छी कार्यप्रणालियों की प्रस्तुतियां भी दिखाई जाएंगी। इनमें लैंगिक समानता को बढ़ावा देने के लिए समुदाय आधारित पहलों और सफल प्रयासों को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके साथ ही अभियान के लिए विकसित वीडियो संसाधनों का भी शुभारंभ किया जाएगा।

ग्रामीण विकास मंत्रालय के दीनदयाल अंत्योदय योजना–राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के नेतृत्व में संचालित नई चेतना अभियान का शुभारंभ वर्ष 2022 में हुआ था। तब से यह अभियान लैंगिक आधारित हिंसा को रोकने, भेदभावपूर्ण सामाजिक मान्यताओं को चुनौती देने तथा लैंगिक समानता को बढ़ावा देने के लिए एक राष्ट्रव्यापी सामूहिक आंदोलन के रूप में विकसित हुआ है। नई चेतना 5.0 के माध्यम से मंत्रालय का उद्देश्य विभिन्न मंत्रालयों, राज्य सरकारों, सामुदायिक संस्थाओं और अन्य हितधारकों के बीच सामूहिक प्रयासों को मजबूत करना है, ताकि महिलाओं की आर्थिक भागीदारी, सुरक्षा और निर्णय लेने की स्वतंत्रता के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया जा सके। इस अभियान में पुरुषों, लड़कों और युवाओं की सक्रिय भागीदारी को भी प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि भेदभावपूर्ण सामाजिक मान्यताओं को चुनौती दी जा सके तथा लैंगिक समानता और साझा जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा दिया जा सके।

https://drive.google.com/file/d/1rfzcz95kk3ENtXs1dIKYZh0dk-Cujumd/view?usp=sharing

Source: Click here to view/download PDF

नोट :- हमारे वेबसाइट indiangovtscheme.com पर ऐसी जानकारी रोजाना आती रहती है, तो आप ऐसी ही सरकारी योजनाओं की जानकारी पाने के लिए हमारे वेबसाइट indiangovtscheme.com से जुड़े रहे।

*****
लेटेस्‍ट अपडेट के लिए  Facebook — Twitter — Telegram से  अवश्‍य जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

0 Shares
Share via
Copy link